Advertisement

ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में रोटरी क्लब चास की अनूठी पहल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कुर्रा पंचायत के रामडीह गांव में रोटरी क्लब चास ने ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की उल्लेखनीय पहल की है।

रोटरी जिला 3250 के जिलापाल बिपिन चाचान और उनकी पत्नी शिल्पी चाचान द्वारा 14 अप्रैल को 30 ग्रामीण महिलाओं के बीच बत्तख के चूजों का निःशुल्क वितरण किया गया।

इस अवसर पर बिपिन चाचान ने कहा कि योग्य होते हुए भी यहां के रहिवासियों को रोजगार नहीं मिल पाता है। ऐसे में स्वरोजगार को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि रोटरी संस्था विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। शिल्पी चाचान ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक जीवन स्तर को ऊपर उठाने में मददगार सिद्ध होगी।

रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष बिनोद चोपड़ा और सचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया कि यह प्रयास ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक कदम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोटरी के सदस्य और स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे। चूजे मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने क्लब का आभार जताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *