Advertisement

बस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, स्कूटी सवार महिला-पुरुष की मौत

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबाकी के समीप 10 अप्रैल को भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार महिला-पुरुष को बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इलाज के दौरान महिला और पुरुष दोनों की मौत हो गयी है।

घटना के संबंध में मृतक राजेश सोरेन की पत्नी ने बताया कि उनके पति और महिला दोनों बड़ाबाकी में एक साथ काम करते थे। दोनों 10 अप्रैल की सुबह करीब 8.30 बजे के आसपास कार्यस्थल पर जा रहे थे, तभी पाणी कोच की चपेट में आ गये जिससे उनकी मौत हो गयी।

पुलिस के अनुसार मृतका 34 वर्षिया अंजना महतो बहरागोड़ा की रहने वाली थी। वहीं, 43 वर्षीय मृतक राजेश सोरेन बिरसानगर के जोन नंबर-10 रहिवासी थे। मृतक राजेश सोरेन की पत्नी के अनुसार उनके पति और महिला दोनों बड़ाबाकी में एक साथ काम करते थे। उनके पति आस्था कंपनी के सिविल इंचार्ज थे।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार महिला-पुरुष पारडीह से बड़ाबाकी की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही पाणी बस ने स्कूटी सवार महिला और पुरुष को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों मौके पर गंभीर रूप से घायल हो गये। साथ हीं स्कूटी बस में फंसी रह गयी, जिसे चालक घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। घटना के बाद इसकी सूचना स्थानीय रहिवासियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त उक्त यात्री बस जमशेदपुर से ओडिशा की ओर जा रही थी। घटना के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया है। वहीं, पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *