मुआवजे व नियोजन की मांग को लेकर प्लांट गेट पर प्रदर्शन
प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। डीवीसी बोकारो थर्मल प्लांट के अन्दर कार्यरत 45 वर्षीय ठेका मजदूर अशोक भुईयां की 10 अप्रैल को कार्य के दौरान गिरने से मौत हो गयी। मृतक के आश्रित को मुआवजे व नियोजन की मांग को लेकर कामगारों तथा परिजनों ने प्लांट गेट जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार डीवीसी के बोकारो थर्मल प्लांट के अन्दर मरम्मती का कार्य कर रहे 45 वर्षीय ठेका मजदूर अशोक भुइयां पिता दुर्गा भुईयां की मौत 10 अप्रैल की सुबह हो गई। मजदूर के मौत से आक्रोशित ठेका कामगारों ने ₹25 लाख मुआवजे व नियोजन की मांग को लेकर शव के साथ बोकारो थर्मल प्लांट गेट जाम कर दिया। मृतक मजदूर बोकारो थर्मल जारवा बस्ती रहिवासी बताया जा रहा है, जो घटना की सुबह लगभग आठ बजे प्लांट के अन्दर कार्य करने गया था। कार्य के दौरान भारी सामान उठाने के क्रम में अचेत होकर गिर गया। जिसे आननफानन में बोकारो थर्मल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक मजदूर प्लांट के अन्दर के. आर. कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्य कर रहा था। मृतक मजदुर का तीन पुत्री एवं एक पुत्र है। गेट जाम स्थल में भारी संख्या में पुलिस एवं सीआईएसएफ जवानों को तैनात कर दिया गया। इस सम्बन्ध में जेएलकेएम के बोकारो जिला सचिव खगेन्द्र महतो, गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सह विस्थापित नेता जितेन्द्र यादव, विस्थापित एवं स्थानीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष करीम अंसारी ने कहा कि डीवीसी प्रबन्धन जबतक मृतक मजदूर के परिवार के एक सदस्य को नियोजन एवं 25 लाख रुपया मुआवजा नहीं देगी, तबतक गेट जाम आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर जिप सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम, पंचायत समिति सदस्य अमित घासी, गीता देवी, मनीष घासी, राजकुमार राम सहित अन्य कई उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply