Advertisement

सीआरपीएफ दिवस पर डी-26वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। सीआरपीएफ दिवस (19 मार्च) के अवसर पर सीआरपीएफ की डी-26वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट राजीव रंजन के निर्देशानुसार तथा इंस्पेक्टर अंजु कुमार सिंह, इंस्पेक्टर एस.पी. सिंह, इंस्पेक्टर एल.आर. डुंगडुंग और सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार की देखरेख में सारंडा सुवन छात्रावास में आयोजित किया गया।

सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत छात्रावास में रह रहे गरीब व् जरूरतमंद बच्चों को सीआरपीएफ द्वारा खेलकूद और शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों को फुटबॉल, वॉलीबॉल, नेट, स्कूल बैग, कॉपियां, ज्योमेट्रिक बॉक्स, पेंसिल, पेन, चौकलेट आदि दिए गए, जिससे उनकी पढ़ाई और खेल संबंधी जरूरतें पूरी हो सकें।

पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरु के सारंडा सुवन छात्रावास में सारंडा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों से आने वाले अत्यंत गरीब 88 बच्चे आवासीय शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इन बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सीआरपीएफ की ओर से यह पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सीआरपीएफ सिर्फ आंतरिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के लिए भी तत्पर है। इस तरह के कार्यक्रमों से जरूरतमंद बच्चों को न केवल सहायता मिलती है, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ती है। इस पहल की स्थानीय रहिवासियों ने भी सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों के भविष्य को उज्जवल बनाने में मदद मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *