टी -20 अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का 9वां मैच में इलेक्ट्रिकल टीम की जीत
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में रेलवे स्टेडियम सोनपुर में चल रहे टी -20 अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का नौवां मैच 11 मार्च को इलेक्ट्रिक बनाम कार्मिक के बीच खेला गया। जिसमें इलेक्ट्रिक टीम ने धमाकेदार जीत दर्ज की।
जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिकल टीम के कप्तान संतोष प्रकाश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया एवं निर्धारित 20 ओवर में तूफानी शुरुआत के साथ 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इलेक्ट्रिकल टीम की शुरुआत काफी धमाकेदार रही। सलामी बल्लेबाज राकेश शर्मा और संतोष प्रकाश ने टीम को तेज शुरुआत देते हुए ओपनिंग पार्टनरशिप में अर्धशतकीय साझेदारी पांच ओवरों में ही कर डाली।
इलेक्ट्रिक टीम के तरफ से राहुल मिश्रा ने तूफानी पारी खेलते हुए 47 गेंद पर 83 रन का योगदान दिया वहीं फैज अली खान ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंद पर 50 रन बनाए। दूसरी ओर 209 रनो के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की टीम की शुरुआत काफी खराब रही। निरंतर अंतराल पर उनके विकेट गिरते चले गए और महज 7 ओवर में पूरी टीम 28 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
इलेक्ट्रिक टीम के तरफ से सबसे सफल गेंदबाज ओजस्वी कुमार रहे, जिसने तीन ओवर में 14 रन देकर 7 विकेट झटके। राहुल मिश्रा ने भी एक ही ओवर में बिना कोई रन खर्च किए 3 विकेट लेकर पूरी टीम को 28 रन पर ढेर कर दिया।गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल मिश्रा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, लेकिन ओजस्वी की जबर्दस्त गेंदबाजी के लिए राहुल मिश्रा ने अपना मैन ऑफ द मैच ओजस्वी को देकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस प्रकार इलेक्ट्रिकल की टीम 180 रनों से इस मैच को जीतकर प्रतियोगिता की सबसे धमाकेदार जीत दर्ज की।
![]()













Leave a Reply