Advertisement

सुडा निदेशक ने शहरी जलापूर्ति व् ठोस अवशिष्ट प्रबंधन प्रगति का लिया जायजा

निदेशक ने कांड्रा आवास बोर्ड के लिए चिन्हित भूमि का भी किया निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सूडा) निदेशक, नगर विकास एवं आवास विभाग अमीत कुमार द्वारा 10 मार्च को बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली गयी।

जानकारी के अनुसार निदेशक द्वारा निरिक्षण के क्रम में मुख्य रूप से शहरी जलापूर्ति योजना फेज टू, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, चास सेप्टेज योजना एवं लीगेसी वेस्ट का समीक्षा एवं स्थल भ्रमण किया गया। चास शहरी पेयजलापूर्ति के संबंध में जुडको एवं जुस्को को आगामी 31 मार्च तक कार्य को पूर्ण करते हुए ट्रायल प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।

भ्रमण के क्रम में सुडा निदेशक ने दामोदर नदी किनारे निर्माणाधीन इंटेक वेल एवं वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में चल रहे कार्यो का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित पदाधिकारी को विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने का निर्देश दिया, ताकि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट व इंटेक वेल से सभी भागों में ट्रायल की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएं।

वहीं, इंव्रो प्राइवेट लिमिटेड चास को ठोस अवशिष्ट प्रबंधन का एवं सीमा लैब्स नई दिल्ली को सेप्टेज प्रबंधन का कार्य चिह्नित भूमि पर करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीम के साथ उक्त योजनाओं हेतु प्रस्तावित अथवा चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सुडा निदेशक ने योजना के डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुरूप जुडको एवं जुस्को को युद्ध स्तर पर सघन अभियान चलाकर शत प्रतिशत जलापूर्ति संयोजन निःशुल्क करने को कहा। उन्होंने कहा कि उक्त जलापूर्ति योजना के तहत शहरवासियों को प्रति माह 5,000 लीटर मुफ्त पानी प्राप्त होगा। शहरवासियों को जलापूर्ति संयोजन के साथ निःशुल्क मीटर भी अधिष्ठापित किया जाएगा।

दूसरी ओर सुडा निदेशक ने चास के कांड्रा में आवास बोर्ड के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जिले के निदेशक डीपीएलआर, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी चास से जरूरी जानकारी ली। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर उन्होंने चर्चा कर जरूरी निर्देश दिया। मौके पर अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, जुडको – जुस्को के अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *