वर्ष 1954 से अनवरत होता रहा है महोत्सव
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पूरे बोकारो जिला का दूसरा व कसमार प्रखंड का इकलौता राम राजा महोत्सव कुरको ग्राम में बीते 14 फरवरी को हर्षोल्लास के साथ पूर्णाहुति एवं कलश विसर्जन के साथ सम्पन्न हो गया। परन्तु अभी रामलीला का मंचन चलता रहेगा। मूर्ति विसर्जन भी बाद में होगी।
उक्त बातें राम राजा महोत्सव कमिटी के अध्यक्ष रामकुमार महतो, सचिव ब्रजेश कुमार महतो व सदस्य अंचित कुमार चक्रवर्ती ने 15 फरवरी को बताया। उन्होंने कहा कि बीते 10 फरवरी से ही कलश यात्रा के साथ महोत्सव की शुरुआत हो गई थी। उसी दिन यज्ञ मंडप पर कुंड में अग्नि प्रज्वलित कर आहुति और हवन का कार्य प्रारंभ की गई थी।
बताया गया कि पिछले पांच दिनों तक धूम धाम तथा हर्षोल्लास के साथ राम राजा महोत्सव मनाया गया।
जहां पंडित अभिमन्यु पांडेय द्वारा नित वैदिक मंत्रोचारण के साथ यजमानों द्वारा राजा श्रीराम चंद्र, महारानी जानकी, तीनों भाइयों यथा भारत भैया, लक्ष्मण और शत्रुघ्न भैया के साथ श्रीराम भक्त हनुमान का विधिवत पूजन एवं हवन कार्य किया गया। इस बीच आस पास के क्षेत्रों से आए भक्त गणों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया था।

कमिटी के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय राम राजा महोत्सव में राजा राम की प्रतिदिन संध्या आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। प्रति दिन भंडारा का भी आयोजन किया गया। रात्रि में भक्ति जागरण, भजन कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए। इस बीच श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग परवान पर देखा गया।
उक्त अवसर पर बाहर से आए रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन बीते 14 फरवरी की रात्रि से प्रारंभ है, जो श्रीराम प्रभु के राज्याभिषेक तथा लव कुश कांड तक चलेगा।
साधु संतों ने आकर वर्ष 1954 में प्रारंभ की राम राजा महोत्सव
कमिटी के संरक्षक डॉ सुबोल कुमार महतो एवं पंचायत समिति सदस्य पति सनातन महतो ने बताया कि उनके पुरखों द्वारा जो जानकारी उन्हें प्राप्त है, उसके अनुसार वर्ष 1954 ई. को बाहर से आए भ्रमणकारी साधु संत कुरको स्थित स्कूल में ठहरे थे। यहां की प्राकृतिक सुंदरता जैसे जंगल, पहाड़ी, नदी इत्यादि देख उन्होंने ही प्रभु श्रीराम राजा उत्सव मनाने की शुरुआत की गयी थी।
वे शुरुआत कर चले गए, और सिख भी हमारे दादा जी आदि को दे गए कि इसे प्रति वर्ष करते रहें। बस और क्या था तब से अब तक 71 वर्षों से यह राम राजा महोत्सव अनवरत बिना रुके चलता आ रहा है। कहा कि इस बार 72वाँ राम राजा महोत्सव मनाया गया।
कमिटी के अन्य पदाधिकारियों नीतीश कुमार, सृष्टिधर महतो, विनोद विहारी महतो, परमेश्वर महतो, त्रिलोचन महतो, धनंजय महतो, शतीश कुमार महतो, उमेश महतो, भवानी महतो, रामेश्वर महतो, विशेश्वर महतो, दिनेश करमाली इत्यादि ने बताया कि राम राजा महोत्सव मनाए जाने से क्षेत्र में खुशहाली ही खुशहाली है। कहते हैं कि राम राजा हमारे, हम उनकी प्रजा। उनकी राज में है, मजा ही मजा। इस अनुष्ठान के सफल आयोजन में कमिटी तथा ग्रामीणों का भरपूर सहयोग रहा।
![]()













Leave a Reply