Advertisement

नप की मिलीभगत से खुला वाहन से ढ़ोया जा रहा मिट्टी-बालू, बढ़ रहा है दुर्घटना

ट्रेक्टर-ट्राली-हाईवा से उड़ रहे मिट्टी-बालू से बाजारवासी, खरीददार परेशान-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र में बिना ढ़के ट्रेक्टर-ट्राली-हाईवा से बाजार क्षेत्र से होकर धड़ल्ले से ढ़ोया जा रहा है। मिट्टी-बालू के उड़ने से सड़क दुर्घटना में इजाफा हो रहा है। नगर परिषद इस मामले में कान में तेल डालकर कुंभकरणी निंद्रा में सोई है, जिससे बाजार क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है।

उक्त आशय की जानकारी देते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने 14 फरवरी को कहा कि नगर परिषद कार्यालय की मिलीभगत से ताजपुर बाजार होकर खुले ट्रेक्टर-ट्राली से गांधी चौक, चांदनी चौक, कोल्ड स्टोरेज चौक, अस्पताल चौक, नगर परिषद कार्यालय, अंचल सह प्रखंड कार्यालय आदि क्षेत्रों से मिट्टी-बालू धड़ल्ले से ढ़ोया जा रहा है। कहा कि ट्राली-हाईवा से मिट्टी-बालू उड़ता रहता है।

इससे ट्राली-हाईवा के पीछे चल रहे साईकिल-बाईक सवार के आंखों में धूल-मिट्टी-बालू पड़ने से आंख बंद हो जाता है, बैलेंस बिगड़ जाता है जिससे दुर्घटना होता है। उन्होंने कहा कि ब्रेकर या जर्किंग में ट्राली-हाईवा का मिट्टी-बालू सड़क पर गिर जाता है, जो हवा में हमेशा उड़ने के कारण स्थानीय रहिवासी, दुकानदार, खरीददार, राहगीर भी परेशान है।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद एक्ट, पाल्यूशन एक्ट में बाजार क्षेत्र से बंद ट्राली से ढ़ककर मिट्टी-बालू ढ़ोना है, लेकिन नगर परिषद कार्यालय की मिलीभगत से कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। माले नेता ने उक्त मामले की जांच कर दोषियों पर कारवाई एवं खुले ट्रेक्टर-ट्राली-हाईवा से मिट्टी-बालू ढ़ुलाई पर रोक लगाने की मांग अन्यथा आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *