राष्ट्रपति का 14 फरवरी को झारखंड दौरा को ले रूट लाइन तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर आगामी 14 फरवरी झारखंड आने वाली है। इसे देखते हुए राजधानी रांची में उनके आगमन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति की सुरक्षा में रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तथा राजभवन से लेकर बिरसा प्रौद्योगिकी संस्थान बीआईटी तक करीब 3500 जवान तैनात रहेंगे। उनकी सुरक्षा की मॉनिटरिंग के लिए पांच आईपीएस अधिकारियों को भी प्रतिनियुक्त किया जा रहा है।

रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय 14 से 15 फरवरी तक झारखंड दौरे पर आने वाली हैं। इसे लेकर एक तरफ जहां सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है, वहीं दूसरी ओर रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन और बीआईटी तक सड़कों को बेहतरीन तरीके से बनाया जा रहा है। बताया गया कि रूट में जहां-जहां सड़क खराब थी, उन्हें दोबारा बनाया जा रहा है। इसके अलावा सभी डिवाइडर का रंग रोगन कार्य भी जोर शोर से चल रहा है।

बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे के दौरान रांची में कड़ी सुरक्षा इंतजाम को अमली जामा पहनाया जा रहा है। इसे लेकर रांची में 3500 से ज्यादा फोर्स तैनात किया गया है। जबकि राष्ट्रपति की सुरक्षा में 5 आईपीएस, 20 डीएसपी, 60 इंस्पेक्टर और 250 सब इंस्पेक्टर को तैनात किया गया जा रहा है। राष्ट्रपति के आने जाने वाले रूट लाइन पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, ट्रैफिक सहित सभी पहलुओं की तैयारी पूरी कर ली गई है। राष्ट्रपति का काफिला गुजरने वाली रूट की हर ऊंची इमारतों से भी पुलिस के जवान निगरानी करेंगे।

तीन लेयर की होगी सुरक्षा

बताया जाता है कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर रांची के मेसरा स्थित बीआईटी कॉलेज ग्राउंड में तीन लेयर की सुरक्षा होगी। तीनों लेयर में जांच के बाद ही किसी को भी प्रवेश कराया जाएगा। चूंकि प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों की ही मुख्य भूमिका है कि कौन कार्यक्रम स्थल तक जाएगा और कौन नही। ऐसे में मेटल डिटेक्टर से अच्छी तरह जांच के बाद ही आम व् खास को भीतर भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार आगामी 14 फरवरी की शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। इसके बाद वे रात्रि में राजभवन में विश्राम करेंगी। दूसरे दिन 15 फरवरी को राष्ट्रपति बीआईटी मेसरा के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी, तथा 15 फरवरी को ही सेना के विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगी।

 59 total views,  3 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *