Advertisement

सोनपुर मंडल द्वारा एक दिन में 3 हजार 592 बेटिकट यात्रियों की हुई पकड़-धकड़

किराया व जुर्माना सहित कुल 23 लाख 31 हजार 370 रुपए की हुई वसूली

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिना टिकट यात्रा एवं बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को हतोत्साहित करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत लगातार सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे यात्रियों के कारण एक ओर जहां टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर रेल राजस्व की भी हानि होती है।

इसी क्रम में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के मार्गदर्शन में सोनपुर मंडल द्वारा टिकट चेकिंग स्टाफ की अलग- अलग समूह बनाकर विभिन्न रेल खंडों में बीते 2 दिसंबर को सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सोनपुर मंडल से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में औचक टिकट जांच कराई गई।

इसके अतिरिक्त रेल मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, बरौनी, खगड़िया, मानसी, नवगछिया आदि रेलवे स्टेशनों से गुजरने वाली सभी यात्री रेलगाड़ियों के एसी कोच, विकलांग, महिला कोच तथा पैंट्री कार की भी जांच की गई। साथ ही एटीवीएम एवं यूटीएस मोबाइल एप द्वारा टिकट खरीदने के लिए यात्रियों को जागरूक भी किया गया।

जानकारी के अनुसार मेगा टिकट जांच के दौरान एक दिन में बिना टिकट पाए गए 3 हजार 592 मामलों से किराया व जुर्माना सहित कुल 23 लाख 31 हजार 370 रुपए वसूल किए गए। संभावना है कि रेल प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में इस तरह के और भी टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *