फुसरो में विधानसभा स्तरीय कांग्रेस जनसंवाद अभियान कार्यक्रम का आयोजन
एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो बाजार स्थित अवध बैंक्वेट हॉल में 6 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी का बेरमो विधानसभा स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बेरमो विधानसभा स्तरीय कांग्रेस जनसंवाद अभियान में बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय शामिल हुए। सहाय ने इस दौरान कहा कि झारखंड में जल्द विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी को तेज कर दिया है।

कांग्रेस पार्टी विधानसभा में बेहतर प्रत्याशी उतारने को लेकर जनसंवाद लक्ष्य कार्यक्रम कर आपसी एकता को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के एक एक विधानसभा क्षेत्र से कई कांग्रेस नेता दावेदारी कर रहे हैं। यही दावेदारी कांग्रेस के लिये परेशानी का कारण भी बन रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सहाय ने कहा कि इस बार कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है। जहां भी लड़ेंगे अवश्य जीतेंगे। कहा कि बेरमो विधानसभा से कुमार जयमंगल सिंह काफी मतो से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने भाजपा की गोगो दीदी योजना पर भी तंज कसा। उन्होने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर आग उगली। उन्होंने कहा कि झारखंड में डेढ़ दशक से ज्यादा सत्तासीन रहने के दौरान भाजपा ने इस राज्य को खोखला कर दिया है।
झारखंड के जल, जंगल और जमीन को पूंजीपतियों के हवाले कर यहां के संसाधनों को लूटने का काम किया गया है। हमारी महागठबंधन की सरकार ने राज्य की बेटियों को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना लाया। कहा कि आज झारखंड आकर भाजपा के नेता बांग्लादेशी घुसपैठ की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि भाजपा वाले तब कहां थे, जब 18 वर्षों तक उनकी सरकार राज्य में थी। सहाय ने कहा कि क्या भाजपा वाले तब हड़िया पीकर सो रहे थे।

कहा कि हमारी महागठबंधन की सरकार ने इतने सारे काम किए हैं कि हमें कोई नकारात्मक प्रचार करने की जरूरत नहीं है। उन्होने कहा कि आपका विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने एक हजार करोड़ से क्षेत्र का विकास किया है। प्रदेश के नेता अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाकर सरकार की योजनाओं से लोगों को जोड़ रहे हैं।
इस अवसर पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह सहित धनबाद लोकसभा से पूर्व प्रत्याशी अनुपमा सिंह, श्रमिक नेता महेंद्र कुमार विश्वकर्मा, आबिद हुसैन, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष छेदी नोनिया, निवर्तमान फुसरो नप अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, गणेश मल्लाह, उत्तम सिंह, परवेज अख्तर, जयराम सिंह, महफूज आलम, केदार सिंह, शिवनंदन चौहान, मुरारी सिंह, अशोक अग्रवाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply