Advertisement

पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे की जांच के लिए राज्यपाल के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड के पत्रकारों पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे की सीआईडी जांच कराने के लिए ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 20 सितंबर को धनबाद डीसी को एक ज्ञापन सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार एसोसिएशन के प्रदेश प्रभारी सह बिहार ऑब्जर्वर के संपादक गणेश मिश्रा के नेतृत्व में झारखंड के राज्यपाल के नाम धनबाद उपायुक्त माधवी मिश्रा को ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि पत्रकारों पर झूठ मामले दर्ज करने के कई उदाहरण है। जिसमें बहुत से मामले तीन-चार वर्ष से अभी तक अनुसंधान में ही है। कहा गया कि पत्रकारों पर फर्जी मामलों को लेकर झारखंड के रांची, जमशेदपुर, दुमका, हजारीबाग, गोड्डा, गढ़वा, लातेहार इत्यादि जिलों के कुछ मामले विशेष चर्चा में है। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसे 15 फर्जी मामलों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने सौंपे गये ज्ञापन में झारखंड के राज्यपाल से अनुरोध किया है कि राज्य में पत्रकारों और मीडियाकर्मियों पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमों और प्रताड़ना के मामलों में शीघ्र जांचोपरांत संज्ञान लेकर शिकायतकर्ताओं और दोषी अधिकारियों पर भी 182/211 की कार्रवाई होनी चाहिए।

कहा गया है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण पीड़ित पत्रकार को न्याय मिलने में न सिर्फ विलंब हो रहा है, बल्कि आए दिन फर्जी मामले दर्ज कराने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।

साथ ही राज्य में पत्रकार प्रताड़ना के सभी मामलों का सुपरविजन सीआईडी की निगरानी में कराने और झूठे व मनगढ़ंत कहानी बनाकर पत्रकारों को प्रताड़ित करने वाले दोषी शिकायतकर्ताओं को किसी हाल में नहीं बख्शने का अनुरोध किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल में ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश प्रभारी सह बिहार ऑब्जर्वर के संपादक गणेश मिश्रा, बोकारो प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष (धनबाद) नेपाल चंद्र महतो, शहरी जिलाध्यक्ष योगेश कुमार निषाद, विजय कुमार ठाकुर, रतन कुमार अग्रवाल आदि पत्रकार शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *