Advertisement

राजस्व संबंधी मामलों में जिले की रैंकिंग में व्यापक सुधार की आवश्यकता-डीएम

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में बीते 13 सितम्बर की शाम डीसीएलआर और अंचल अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने राजस्व संबंधी मामलों में जिले की रैंकिंग पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

बैठक में डीएम ने प्रत्येक अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से रैंकिंग बेहतर करने के लिए रणनीतिक रूप से काम करने के निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि दस पैरामीटर हैं जिसके आधार पर सीओ की रैंकिंग की जाती है। उसके बाद हीं जिले को रैंकिंग मिलती है।

डीएम ने प्रत्येक सीओ को निर्देश दिया कि जिस क्षेत्र में रैंकिंग सबसे ज्यादा प्रभावित है, उस क्षेत्र पर काम करें। जिसमें अतिक्रमण, भूमि सर्वेक्षण, म्यूटेशन आदि शामिल हैं।

अभियान बसेरा जिला के लिए प्राथमिकता

बैठक में डीएम समीर ने कहा कि अभियान बसेरा जिले के लिए प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी सीओ और भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) को अभियान बसेरा के लिए जमीन तलाशने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त डीएम समीर ने अधिकारियों को बंजर भूमि की तलाश करने के भी निर्देश दिए, जिसे वन विभाग को वृक्षारोपण के लिए आवंटित किया जा सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आपदा राहत से संबंधित अगस्त माह तक के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *