Advertisement

भाजपा ही आदिवासियों के सम्मान को बचा सकती है-चम्पाई सोरेन

प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन एवं मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई आदि भाजपा नेताओं ने 8 सितंबर को पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन ने कहा कि कोल्हान की धरती पर जितने भी गोलीकांड हुए हैं वे सभी कांग्रेस सरकार में हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की विरोधी रही है। गुवा अस्पताल में इलाज कराने गये आंदोलनकारियों को भी गोलियों से भून बर्बरता की सारी हदें कांग्रेस ने पार की थी।

यहां के आदिवासी अलग झारखंड राज्य व जल, जंगल, जमीन पर अधिकार की लडा़ई लड़ रहे थे। लेकिन तब केन्द्र की कांग्रेस सरकार ने कभी अलग राज्य देने का कार्य नहीं किया। झारखंड के आदिवासियों का दर्द को भाजपा ने समझा एवं झारखंड अलग राज्य दिया।

उन्होंने कहा कि आज आदिवासियों का अस्तित्व बंगलादेशी खत्म करने का कार्य कर रहे हैं। संथाल की धरती से आदिवासियों व उनके अस्तित्व को बचाने का आंदोलन चलाकर बंग्लादेशियों के साजिश को नाकाम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ही झारखंड का सर्वांगीण विकास, बंग्लादेशियों से आदिवासियों की रक्षा कर सकती है।

एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि झामुमो को खड़ा हमने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ कदम से कदम मिलाकर किया है। जहां तक झारखंड में कुछ बड़ा खेला करने की बात है तो जिस घर को बनाने में हम परिश्रम किए थे। एक-एक ईट को जोडे़, उस घर का एक भी ईट हम नहीं निकालेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि गुवा गोलीकांड के शहीदों का सपना आज भी पूरा नहीं हुआ है। जिन मांगों को लेकर यहां के आदिवासी शहीद हुए वह आज भी पूरा नहीं हुआ।

वनों में रहने वाले रहिवासियों को वनाधिकार पट्टा नहीं मिला, खदान नहीं खुलने से बेरोजगारी व पलायन जारी है। बेरोजगारों को न नौकरी मिला, न बेरोजगारी भत्ता मिला। वर्तमान हेमंत सरकार जन विरोधी है जिसे अबकी बार जनता उखाड़ फेंकेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *