अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उसका देखरेख करें-राज्यपाल
ए. के. जयसवाल/पेटरवार। झारखंड राज्य के राज्यपाल संतोष गंगवार 15 अगस्त को राज्य की उप राजधानी दुमका में ध्वजारोहण के उपरांत सड़क मार्ग से रांची जाने के क्रम में कुछ समय के लिए बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित वन विभाग के अतिथि गृह पहुंचे। उन्होंने पेटरवार प्रखंड के ओरदाना पंचायत में 56 एकड़ में फैले मनरेगा पार्क – कृषि (आम) बागवानी का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कोयला प्रक्षेत्र डॉ एस राज माइकल, पुलिस उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार झा, बोकारो जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, अपर समाहर्ता, एसडीओ बेरमो, नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में पुलिस जवानों द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इससे पूर्व उपायुक्त ने पौधा देकर राज्यपाल का स्वागत किया।
बताया जाता है कि मनरेगा पार्क – कृषि बागवानी में राज्यपाल गंगवार ने लगे आम के पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क से जुड़ें महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदीओं/लाभुकों से संवाद किया। इस अवसर पर मनरेगा पार्क में बने अमृत सरोवर* का भी राज्यपाल ने जायजा लिया। साथ हीं उन्होंने सरोवर तट पर पौधारोपण किया।
राज्यपाल ने उपस्थित जनसमूह से संवाद करते हुए कहा कि यहाँ आकर उन्हें अच्छा लगा। कहा कि यहाँ वृहत स्तर पर विभिन्न प्रजाति के लगे आम को देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पेड़ माँ के नाम का संदेश दिया गया है। सभी को अधिक-से-अधिक पेड़ लगाकर उसका देखरेख करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरोवर को और सुंदर बनाया जा सकता है।
केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आपके विकास हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। आप इन योजनाओं के प्रति जागरूक हों और लाभ उठायें। अपनी समस्याओं से अपने जन-प्रतिनिधियों को अवगत कराएं। राज्यपाल ने सभी को अपने बच्चों को शिक्षित करने का संदेश दिया। कहा कि शिक्षा ही प्रगति का द्वार है। समाज और देश के लिए अनुकरणीय कार्य करें और देश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
जानकारी के अनुसार पेटरवार स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस परिसर में भी राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पौधारोपण किया। ज्ञात हो कि, विगत 30 सितंबर 2023 को इस मनरेगा पार्क की आधारशिला रखी गई थी, जिसका आज विधिवत अनावरण राज्यपाल ने किया।
राज्यपाल को यहां आते ही स्थानीय मुखिया इंदिरा देवी, मुखिया पति गुलाबचंद मांझी एवं स्थानीय नवयुवतियों ने पारंपरिक सखुवा पत्ता से बनाये गए माला एवं टोपी पहना कर उनका भव्य स्वागत किया गया।आदिवासी परम्परा से किए गए स्वागत से राज्यपाल काफी खुश दिखे। उन्होंने भी उपस्थित बच्चे,बच्चियों को उपहार भेट किए।
इस अवसर पर पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, अंचल अधिकारी अशोक राम, थाना प्रभारी राजू मुंडा आदि ने वन विभाग के विश्राम गृह में राज्यपाल सहित राज्य, जिला, अनुमंडल से आए प्रशासनिक अधिकारियों की खातिर में जुटे रहे।
198 total views, 1 views today