Advertisement

विद्यालय भूमि पर अवैध कब्जा के खिलाफ ग्रामीणों ने किया राजधानी रोड जाम

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसिया के जमीन पर अवैध कब्जा जमाने के खिलाफ सिरसिया के आक्रोशित ग्रामीणों ने 9 जुलाई को राजधानी रोड जाम कर अंचल सह प्रखंड प्रशासन का विरोध किया।

इस अवसर पर आंदोलनकारियों ने जमीन पर अवैध कब्जा के खिलाफ सीओ आरती कुमारी को आवेदन देकर कारवाई की मांग की। बताया जाता है कि अंचलाधिकारी द्वारा मांग अनसुना कर दिए जाने से बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय के समीप ही राजधानी रोड को जाम कर दिया। जाम से सड़क पर वाहनों का तांता लग गया।

इस संबंध में आंदोलन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल से सटे जमीन मालिक स्कूल के करीब 16 धूर स्कूल के जमीन लेकर विनोद कुमार सिन्हा बाउंड्री बना रहा है। मापी कराकर स्कूल का जमीन अलग करने को लेकर ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन ताजपुर सीओ को दिया था, लेकिन सीओ द्वारा त्वरित कारवाई नहीं होने से खिन्न ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

स्थानीय मुखिया पति भोला बिहारी समेत अन्य गणमान्य जनों के पहल पर वार्ता के दौरान सीओ ने तीन दिनों के अंदर सरकारी अमीन से जमीन मापी कराकर विवाद का निपटारा करने के आश्वासन के बाद सड़क जाम आंदोलन खत्म कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार सड़क जाम आंदोलन को भाकपा माले ने सक्रिय समर्थन दिया था‌। इस संबंध में माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं आइसा नेता सह स्थानीय ग्रामीण जीतेंद्र सहनी ने बताया कि ताजपुर से समस्तीपुर तक अब भूमाफियाओं की नजरें स्कूल, पंचायत भवन, अस्पताल आदि की सरकारी जमीन पर है।

कहा गया कि भू-माफिया अधिकारियों को लालच देकर ऐन-केन-प्रकारेण सरकारी जमीन को कब्जा करना चाहते हैं। इसके खिलाफ माले नेता ने सरकारी संपत्ति बचाने को लेकर जनता को गोलबंद कर संघर्ष तेज करने की घोषणा की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *