Advertisement

सीसीएल गोविन्दपुर प्रबंधन द्वारा वार्ता रद्द करने पर विस्थापितों में आक्रोश

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के लहरियाटांड़ के विस्थापितों की समस्याओं को लेकर सीसीएल गोविन्दपुर परियोजना द्वारा आयोजित वार्ता 5 जुलाई को रद्द कर दी गई। यह वार्ता 12 बजे दिन में होनी थी, परन्तु प्रबंधन द्वारा अचानक इसे टाल दिया गया, जिससे विस्थापितों में असंतोष फैल गया है।

ज्ञात हो कि, विस्थापितों ने सीसीएल गोविन्दपुर परियोजना के परियोजना पदाधिकारी को पत्र लिखकर विस्थापन प्रमाण पत्र, सड़क और पानी की समस्याओं को हल करने की मांग की थी। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रबंधन ने लहरियाटांड़ ग्राम विकास समिति को 5 जुलाई को 12 बजे वार्ता के लिए आमंत्रित किया था, जिसे अचानक रद्द कर दिया गया।

इस संबंध में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष चन्द्रिका रजक और सचिव दुलेश्वर प्रजापति ने कहा कि सीसीएल गोविन्दपुर प्रबंधन द्वारा विस्थापित ग्रामीणों के साथ हमेशा धोखाधड़ी करते रहा है। उन्होंने बताया कि हमने वर्ष 1980 में सीसीएल को जमीन दी थी, लेकिन आज तक हमें विस्थापन प्रमाण पत्र नहीं मिला है।

हमारी मांग है कि हमें प्रमाण पत्र दिया जाए और गांव की खराब सड़क एवं पानी की समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा प्रबंधन को 15 दिनों का समय दिया गया है, इसके बाद सीसीएल गोविन्दपुर परियोजना का सम्पूर्ण कामकाज बंद कर दिया जाएगा। जब तक विस्थापन प्रमाण पत्र नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *