Advertisement

उत्पाद पुलिस की मनमानीपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ माले का प्रतिरोध मार्च

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। उत्पाद पुलिस द्वारा बिना साक्ष्य के समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद के वार्ड पार्षद अशोक राय के घर पर बार-बार छापेमारी कर अपमानित करने के खिलाफ 20 जून को रैली का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिरोध मार्च निकालकर उत्पाद पुलिस की कार्रवाई का जमकर विरोध किया।

उत्पाद विभाग की मनमानी पर रोक लगाओ, उत्पाद पुलिस निर्दोषों को परेशान करना बंद करो, वार्ड पार्षद अशोक राय के घर बार-बार छापेमारी क्यों-उत्पाद अधीक्षक जबाब दो, उत्पाद पुलिस के भ्रष्टाचार पर रोक लगाओ, निर्दोष रहिवासियों को पकड़कर पैसा लेकर छोड़ने का खेल बंद करो आदि नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने ताजपुर के गांधी चौक से मार्च निकाला जो नारेबाजी करते हुए दरगाह रोड, नीम चौक, अस्पताल रोड से अस्पताल चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता वार्ड पार्षद अजहर मिकरानी ने किया। जबकि सभा को भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह व् राजद नेताओं ने संबोधित किया।

बतौर मुख्य वक्ता सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आये दिन उत्पाद पुलिस की मनमानी, भ्रष्टाचार की कहानी सुनने को मिलती रहती है। दोषी को मैनेज कर छोड़ दिया जाता है। दोषी की आड़ में निर्दोष को पकड़कर वसूली कर छोड़ दिया जाता है एवं वसूली में विफल होने पर जेल भेज दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई शराब माफियाओं के खिलाफ शिकायत किया और विभाग पुलिस पर कारवाई की तो खैर खाये पुलिस शिकायतकर्ता को ही फंसाने की साज़िश रच देती है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में वार्ड पार्षद अजहर मिकरानी ने कहा कि वार्ड पार्षद अशोक राय के यहां छापेमारी का मामला और भी आश्चर्यचकित करने वाला है। उन्होंने कहा कि पांच बार राय घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कभी कुछ बरामद नहीं हुआ।

उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को वार्ड पार्षद राय की छवि को खराब करने वाला एवं उन्हें अपमानित करने वाला बताकर छापेमारी के दोषी पुलिस पर कार्रवाई करने एवं आईंदा निर्दोष रहिवासियों को परेशान, तंग, तबाह करने पर रोक लगाने की मांग की है। अन्यथा आंदोलन तेज करने की घोषणा की है।

मौके पर वार्ड पार्षद मुकेश कुमार मेहता, पार्षद संजय दास, पार्षद मो. आलम, पार्षद सोनू राय, पार्षद रवि शंकर राय, पार्षद अशोक चौधरी समेत भाकपा माले के संजीव राय, आसिफ होदा, मो. अबुबकर, मो. एजाज, शंकर महतो, राजद के दीपक लाल निरहुआ, कपिल राय, रंजीत सिंह, चंदन राय, शत्रुघन राय, सिकंदर राय समेत सैकड़ों महिला- पुरूष उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *