प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। हजारीबाग के जय प्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा से बीते वर्ष 31 दिसंबर को फरार हुए 3 सजायाफ्ता कैदियों को हजारीबाग पुलिस द्वारा त्वरित एवं सघन कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के सोलापुर से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय हजारीबाग कार्यालय के अनुसार महाराष्ट्र के सोलापुर जिला के हद में करमाला थाना क्षेत्र से तीनों फरार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार बीते वर्ष 2025 की अंतिम दिवस 31 दिसंबर को सुबह लगभग 7:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि बीते 30-31 दिसंबर की रात्रि लगभग 1:30 बजे जय प्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा हजारीबाग से 3 कैदी फरार हो गए हैं। सूचना प्राप्त होते ही एसपी द्वारा जिला उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर हजारीबाग, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि तीनों सजायाफ्ता बंदी क्रमशः देवा भुइयां उर्फ देव कुमार भुइयां, राहुल रजवार तथा जितेन्द्र रवानी द्वारा वार्ड की खिड़की का रॉड काटकर बेडशीट के सहारे नीचे उतरते हुए आंतरिक दीवार फांदकर बाहरी दीवार के रास्ते फरार होने की घटना को अंजाम दिया गया।
इस संबंध में केन्द्रीय कारा हजारीबाग के आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना में कांड क्रमांक 196/25 दर्ज कर क्रमशः 20 वर्ष, 27 वर्ष एवं आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे तीनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिया गया।
बताया जाता है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनन्द के नेतृत्व में 3 विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एक टीम तकनीकी शाखा के सहयोग से कार्यरत रही। दूसरी टीम फरार कैदियों के मार्ग का ट्रेल कर रही थी, जबकि तीसरी टीम विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही थी।
पुलिस अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फरारी के बाद अभियुक्त विभिन्न स्थानों से होते हुए जसीडीह पहुंचे, जहाँ से बीते 4 जनवरी को जसीडीह–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से महाराष्ट्र गए। बताया गया कि बीते 6 जनवरी को महाराष्ट्र के सोलापुर जिला के हद में करमाला थाना क्षेत्र के कोरटी स्थित ईंट-भट्ठा से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि हजारीबाग पुलिस द्वारा पूर्व में भी फरारी की घटनाओं में तत्परता दिखाते हुए कम समय में अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में धनबाद जिला के हद में लोयाबाद थाना क्षेत्र के सेंदरा क्रमांक दस रहिवासी शंभु भुइयां का पुत्र देव भुइयां उर्फ देव कुमार भुइयां, जोगता थाना क्षेत्र के मोदीडीह नया बाजार रहिवासी जगन रजवार का पुत्र राहुल रजवार तथा केन्दुआडीह थाना क्षेत्र के गोधर रवानी बस्ती रहिवासी जतर रवानी का पुत्र जितेन्द्र रवानी शामिल है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हजारीबाग अमित आनन्द, पेलावल अंचल, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, बरही थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशान्त केरकेट्टा के अलावा तकनीकी शाखा, नक्सल शाखा के पदाधिकारी एवं लोहसिंघना थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
ज्ञात हो कि पूर्व में भी हजारीबाग जिला स्थित होल्डिंग फॉरेनर्स कैंप से 3 बंगलादेशी नागरिक फरार हो गये थे। उस समय भी हजारीबाग पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए तीनों फरार बंगलादेशी नागरिकों को 24 घंटे के अन्दर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें 2 बंगलादेशी नागरिकों को बगंलादेश के बॉडर से गिरफ्तार किया गया था। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के अनुसार जिले में अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए सतत प्रतिबद्ध है।
![]()













Leave a Reply