Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में बीते 21 जून को 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। रेल मंडल के कार्मिक विभाग की ओर से स्थानीय सामुदायिक भवन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

सोनपुर रेल मंडल के अनुसार योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों के बीच स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना और उनमें मानसिक व् शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

​कार्यक्रम की शुरुआत शांति पाठ से की गयी। इसके बाद योग गुरु रत्नेश कुमार, श्वेता और आकृति ने प्रतिभागियों को व्यस्त जीवन शैली में योग के महत्व से रू-ब-रू कराया। योग सत्र के दौरान रेलकर्मियों को स्कंध चक्र, वज्रासन, शशांकासन, मार्जरी आसन, चक्की आसन, नौका संचालन, सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन और कटिचक्रासन जैसे विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही फेफड़ों की कार्य क्षमता बढ़ाने और मानसिक एकाग्रता के लिए नाड़ी शोधन, भ्रामरी प्राणायाम और योग निद्रा का भी अभ्यास कराया गया।

ज्ञात हो कि ​इस वर्ष योग दिवस कार्यक्रम में योग के साथ-साथ आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित सत्र में रेलकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने की व्यावहारिक तकनीकें सिखाई गईं। प्रशिक्षण में सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता पर विशेष बल दिया गया।
मौके पर सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने अपने संबोधन में कहा कि ​योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता और सकारात्मकता में वृद्धि होती है। रेल मंडल के ​वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप पासवान द्वारा संचालित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती सहित रेल मंडल के सभी शाखा अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।​ कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान और स्वस्थ भारत, फिट भारत के संदेश के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गयी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *