Advertisement

हाजीपुर के बाबा पतालेश्वर नाथ मंदिर पहुंचा अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारों का दल

न्यास समिति हाजीपुर ने पत्रकारों को किया सम्मानित

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक बाबा पतालेश्वर नाथ मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारों के 15 सदस्यीय दल ने बीते 19 सितंबर को दर्शन कर मंदिर परिसर का अवलोकन किया। यह दल दक्षेस पत्रकार मंच अंतर्राष्ट्रीय के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू लामा के नेतृत्व में हाजीपुर पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार पतालेश्वर नाथ मंदिर पहुंचने पर न्यास समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथि पत्रकारों का स्वागत किया। इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्प, पुस्तक और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

बताया जाता है कि इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दक्षेस पत्रकार मंच अंतरराष्ट्रीय भारत इकाई बिहार के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ शशि भूषण कुमार को भी मंदिर न्यास समिति की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ कुमार ने संयोजक की भूमिका निभाई। मौके पर हाजीपुर नगर परिषद की सभापति डॉ संगीता कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नेपाल से आए वरिष्ठ पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सद्भावना, संस्कृति और धार्मिक अभिरुचियों के मामले में नेपाल और भारत सदा एक रहे हैं और आगे भी एक रहेंगे।

पतालेश्वर नाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों को बाबा पतालेश्वर नाथ मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मंदिर की परंपरा और मान्यताओं से अवगत कराते हुए पूरे परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों ने मंदिर की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय संस्कृति को नजदीक से जाना।

साथ ही पत्रकारिता के माध्यम से विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, आपसी सद्भावना और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस स्वागत समारोह में न्यास समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों के आगमन को हाजीपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *