Advertisement

सोनपुर में आज बाबा हरिहरनाथ श्रावण उत्सव पर सजेगी भक्ति व् संस्कृति संध्या

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण मास की पावन पूर्णिमा के अवसर पर 28 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर प्रांगण में बाबा हरिहरनाथ श्रावण उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। संध्या 6 बजे से शुरू होने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

कार्यक्रम की सफलता और रूपरेखा तय करने के लिए स्थानीय विधायक कार्यालय में 27 अगस्त को भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सहयोग से आयोजित होने वाले इस उत्सव में कला, संस्कृति और अध्यात्म का अद्भुत समन्वय देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक एवं अभिनेता अजीत आनंद, लोकप्रिय गायक विकास भोजपुरिया, भजन गायिका सपना कश्यप और अंशी तिवारी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे।

इसके साथ ही, अशोक विद्यार्थी म्यूजिकल ग्रुप और दीपक ओबरॉय ग्रुप द्वारा विशेष सांस्कृतिक व संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो सावन की आध्यात्मिक और पावन भावना को और प्रगाढ़ करेंगे। कहा गया कि इस भव्य आयोजन की गरिमा बढ़ाने के लिए बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह बबलू की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक चेतना का प्रसार होता है तथा स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच और प्रोत्साहन मिलता है।

बैठक में जिला प्रभारी लाल बाबू कुशवाहा, भाजपा युवा मोर्चा के सह क्षेत्रीय प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष आदित्य कुमार छोटू, नरेश सिंह, शिवबच्चन सिंह, धनंजय सिंह, घनश्याम सिंह, दिव्यांशु गौतम, अरुण सिंह, अभिमन्यु सिंह, जयंत कुमार सिंह, कृष्णानंद सिंह, दुर्गा दास, राकेश सिंह, हरिनारायण सिंह, अभाविप के प्रदेश सह मंत्री यशवंत कुमार सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। आयोजकों ने सोनपुर सहित पूरे सारण जिले और आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुओं व आम रहिवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर इस अलौकिक उत्सव को सफल बनाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *