एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) द्वारा बीते माह 5 जुलाई को आयोजित कनीय प्रबंधक (जूनियर मैनेजर) आंतरिक पदोन्नति परीक्षा का परिणाम अब तक घोषित नहीं होने पर भाजपा नेता एवं भारतीय उद्योग मजदूर संघ (बियुएमएस) के महामंत्री कुमार अमित ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इसे लेकर उन्होंने बीते 25 अगस्त को केन्द्रीय इस्पात मंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
केन्द्रीय इस्पात मंत्री को प्रेषित पत्र में भाजपा नेता कुमार अमित ने कहा है कि उक्त परीक्षा के दो माह बीत जाने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं होने से सेल के बोकारो सहित सभी संयंत्रों में कार्यरत लगभग 8000 परीक्षार्थी कर्मचारियों में असमंजस, अनिश्चितता और प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर शंका उत्पन्न हो रही है। यह आंतरिक पदोन्नति परीक्षा सीधे कर्मचारियों के कैरियर ग्रोथ, मनोबल और कार्य-प्रेरणा से जुड़ी है। पत्र में उन्होंने कहा है कि परिणाम में विलंब से न केवल कर्मचारियों के पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि सेल की कार्यशैली, दक्षता, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से मांग की है कि परीक्षा परिणाम यथाशीघ्र घोषित कराया जाए। विलंब के तकनीकी/प्रशासनिक कारणों की समीक्षा हो। सफल अभ्यर्थियों की पदोन्नति की समय-सीमा स्पष्ट की जाए एवं आगे के लिए परीक्षा कैलेंडर पूर्व में हीं निर्धारित कर उसे गम्भीरता पूर्वक लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सेल एक महारत्न कंपनी है और इसके कर्मचारियों का मनोबल ही कंपनी की उत्पादकता का आधार है।
![]()













Leave a Reply