रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित सेकंड एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट-2026 में 25 अगस्त को जिला उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। कहा कि तीरंदाजी आदिवासी संस्कृति और परंपरा से जुड़ा खेल है, जिसके माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से लगातार अभ्यास और प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है। हार से निराश होने के बजाय खिलाड़ी को दोबारा बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लेना चाहिए। उपायुक्त ने खिलाड़ियों से बोकारो की खेल सुविधाओं का अवलोकन कर सुझाव देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि बोकारो में हर वर्ष कम से कम तीन राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन कराने का लक्ष्य है। उद्योगों और संस्थानों से कम से कम एक-दो खेलों को प्रायोजित कर खिलाड़ियों को वर्षभर सहयोग देने की अपील की। कहा कि इससे खेल संस्कृति मजबूत होगी और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
![]()













Leave a Reply