Advertisement

बाबा हरिहरनाथ दरबार में सीएम की धर्मपत्नी ने टेका मत्था, की सुख-समृद्धि की प्रार्थना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में बीते 25 अगस्त की संध्या श्रावण भौम प्रदोष के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और भव्य संध्या आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) सम्राट चौधरी की धर्मपत्नी ममता सम्राट ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति के लिए मंगलकामना की।

श्रावण मास के अंतिम चरण में आयोजित यह विशेष अनुष्ठान मुख्यमंत्री के आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं पुरोहित साधक ठाकुर गौतम कात्यायन की उपस्थिति में मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री और आचार्य पवन ओझा के नेतृत्व में संपन्न किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।

इस पावन अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय सिंह लल्ला, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, मुखिया अनिल सिंह सहित कई गणमान्य और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संध्या आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *