बनगजरा व् बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज की पहल नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड से होकर गुजरने वाली निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना की महत्वपूर्ण सड़कों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीण अब मुखर हो गए हैं। जैनामोड़-ओरमांझी फोरलेन के बनगजरा तथा वाराणसी-कोलकाता सिक्सलेन के बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज निर्माण की मांग को लेकर 23 अगस्त को पोंडा पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने बैठक की। बैठक में उपरोक्त दोनों स्थानों पर इंटरचेंज निर्माण के लिए एनएचएआई के अधिकारियों से औपचारिक रूप से मांग रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कसमार प्रखंड से होकर गुजरने वाले फोरलेन और सिक्सलेन का वास्तविक लाभ तभी स्थानीय रहिवासियों को मिलेगा, जब क्षेत्रवासियों के लिए मुख्य मार्ग पर आने-जाने की समुचित व्यवस्था होगा। बनगजरा और बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज नहीं होने से आसपास के दर्जनों गांवों के रहिवासियों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
बनगजरा में इंटरचेंज से बोकारो-रांची आवागमन होगा आसान-नियोती कुमारी
कसमार की प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि बनगजरा में इंटरचेंज का निर्माण प्रखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे ग्रामीणों को बोकारो, बेरमो, रांची सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह किसी दल विशेष की मांग नहीं, बल्कि पूरे प्रखंड के रहिवासियों की आवश्यकता है। कहा कि एनएचएआई को ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इंटरचेंज नहीं बना तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेंगे-अमरेश कुमार महतो
कसमार प्रखंड के हद में दुर्गापुर पंचायत के मुखिया एवं जेएलकेएम बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने कहा कि क्षेत्र में इतनी बड़ी सड़क परियोजना बनने के बावजूद यदि स्थानीय रहिवासियों को प्रवेश और निकास की सुविधा नहीं मिलती है, ऐसे में इसका पूरा लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि बनगजरा और बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज के लिए एनएचएआई से मांग की जाएगी।
सकारात्मक पहल नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। पोंडा पंचायत के मुखिया एवं बैठक के अध्यक्ष हारू रजवार ने कहा कि बनगजरा में इंटरचेंज की मांग क्षेत्र की पुरानी और जायज मांग है। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना क्षेत्र से होकर गुजर रही है तो स्थानीय रहिवासियों को भी उसका सीधा लाभ मिलना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल धनबाद स्थित एनएचएआई कार्यालय जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेगा और मांगपत्र सौंपेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बनगजरा इंटरचेंज की मांग से पीछे हटने का सवाल नहीं है। भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल ने कहा कि बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज बनने से वाराणसी-कोलकाता सिक्सलेन से कसमार क्षेत्र का संपर्क मजबूत होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए बाहर जाने वालो को भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ स्थानीय जनों तक पहुंचाना जरूरी है। परमेश्वर नायक ने कहा कि इंटरचेंज की मांग क्षेत्र के भविष्य से जुड़ी है। सड़क बन जाने के बाद यदि उस पर चढ़ने और उतरने की सुविधा नहीं मिली तो ग्रामीणों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के समक्ष मजबूती से मांग रखी जाएगी और जरूरत पड़ी तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन भी किया जाएगा।
सीपीआई नेता दिवाकर महतो ने कहा कि बनगजरा और बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज की जरूरत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा राजनीतिक नहीं, बल्कि जनहित का है। सभी दलों और सामाजिक संगठनों को एकजुट होकर इस मांग को आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि कसमार के ग्रामीणों को फोरलेन और सिक्सलेन का सीधा लाभ मिल सके। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
उक्त मोड़ पर इंटरचेंज बनने से कसमार के ग्रामीणों के लिए आवागमन आसान होगा और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि एनएचएआई से इस संबंध में गंभीरता से पहल करने की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सभी राजनीतिक दलों और ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही प्रतिनिधिमंडल धनबाद स्थित एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेगा तथा दोनों स्थानों पर इंटरचेंज निर्माण के लिए मांगपत्र सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल में हारू रजवार, रामसाय हांसदा, शकुर अंसारी, यदुनंदन जायसवाल, शेखर शरदेंदु, रमेश चंद्र महाराज, धर्मेंदु शेखर मुखर्जी, सूरज जायसवाल, परमेश्वर नायक समेत अन्य शामिल रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता पोंडा पंचायत के मुखिया हारू रजवार जबकि संचालन भाकपा माले नेता शकुर अंसारी ने किया।
मौके पर प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, दुर्गापुर मुखिया अमरेश कुमार महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम, भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल, सीपीआई नेता दिवाकर महतो, कांग्रेस नेता रमेश चंद्र महाराज, समाजसेवी सूरज जायसवाल, परमेश्वर नायक, सिकंदर कपरदार, संजय सिंह, इरफान अहमद, दिलीप गंझू, कमलेश जायसवाल समेत दर्जनों ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply