Advertisement

पेटरवार-बरईकलां सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश, वर्षों से नहीं बदला हालात

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के ऐतिहासिक राजा तालाब और पेटरवार-बरईकलां मार्ग आज भी बदहाली का दंश झेल रहा है। कई सरकारें बदलीं, नेता और मंत्री बदले, अधिकारियों का भी स्थानांतरण होता रहा, लेकिन इस महत्वपूर्ण सड़क की तस्वीर अब तक नहीं बदल सकी है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञात हो कि, पेटरवार-बरईकलां सड़क दर्जनों गांवों को मुख्य बाजार पेटरवार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में ग्रामीण रहिवासी इसी सड़क के माध्यम से पेटरवार बाजार पहुंचते हैं। किसान अपने कृषि उत्पादों को बेचने, खाद-बीज सहित अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी कार्यों के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं।

बताया जाता है कि बरसात के दिनों में उक्त सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे, जल-जमाव और कीचड़ के कारण दोपहिया तथा चार पहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीण रहिवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने झारखंड सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों से पेटरवार-बरईकलां सड़क की जल्द मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक सड़क नहीं, बल्कि दर्जनों गांवों की जीवन रेखा है। उक्त सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस महत्वपूर्ण सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पहल करेगी और वर्षों से चली आ रही परेशानी का स्थायी समाधान निकालेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *