रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 24 अगस्त को आयोजित एनकोर्ड कमेटी की बैठक में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के स्रोत से लेकर पूरे नेटवर्क तक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। उन्होंने नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन वाले संभावित हॉट स्पॉट की पहचान कर वहां नियमित रूप से छापेमारी और निगरानी अभियान चलाने का निर्देश दिया।
स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी
बैठक में उपायुक्त झा ने स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाया जाए। संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन के समन्वय से विद्यालयों में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना प्राप्त करने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता पर चर्चा की गयी। उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसका सत्यापन करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।
केवल छोटे स्तर के कारोबारियों पर कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए पूरे नेटवर्क और इसके स्रोत तक पहुंचने का प्रयास किया जाए। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर से की गई कार्रवाई एवं जागरूकता गतिविधियों की जानकारी एनकोर्ड पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जन जागरूकता भी जरूरी है। बैठक में अधिकारियों ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा जिले में ड्रग-फ्री बोकारो की दिशा में लगातार प्रयास करने पर जोर दिया।
![]()













Leave a Reply