Advertisement

त्योहारों को लेकर मिठाई प्रतिष्ठानों में सघन जांच, 6 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला उपायुक्त बोकारो एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बोकारो के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने एवं आमजनों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 नवंबर को जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा एवं पूजा कुमारी द्वारा लगभग 6 विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई पंजीकरण/लाइसेंस नहीं लेने वाले खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला रांची भेजे गए।

बताया जाता है कि निरीक्षण क्रम में अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का प्रयोग न करें। साथ ही, बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाई, पनीर तथा अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के दौरान विशेष सावधानी बरतें एवं उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपरोक्त निर्देशों का पालन नहीं करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *