सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। रामगढ़ जिला के हद में अग्रेसन डीएवी पब्लिक स्कूल भरेचनगर में आयोजित डीएवी स्पोर्ट्स जोनल कराटे चैंपियनशिप में पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोवामुंडी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में डीएवी नोवामुंडी के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय देते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में अप्सरा अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीता, वहीं अंडर-19 वर्ग में संजय हंसदा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। इसके अलावा अंडर-17 वर्ग में रोहित लकड़ा और अंडर-14 वर्ग में आस्था सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) पर कब्जा जमाया।
इस शानदार जीत के साथ ही उपरोक्त प्रतिभावान खिलाड़ी अब आगामी डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने सभी विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। कहा कि पूरा विद्यालय परिवार उनके राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन को लेकर उत्साहित है।
![]()













Leave a Reply