Advertisement

खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को जेएमएम का धरना-प्रदर्शन

कसमार में प्रखंड समिति की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के गर्री पंचायत भवन में 24 अगस्त को झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) कसमार प्रखंड समिति की महत्वपूर्ण बैठक प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम की अध्यक्षता में की गयी।

बैठक में केंद्र सरकार के प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि विधेयक से झारखंड और राज्यवासियों के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके विरोध में आगामी 7 सितंबर को कसमार प्रखंड मुख्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 अगस्त से 6 सितंबर तक प्रखंड की सभी पंचायतों एवं बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों को केंद्र सरकार के प्रस्तावित कानून के प्रावधानों एवं उससे झारखंड को होने वाले संभावित नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को अभियान से जोड़ने पर भी चर्चा की गयी।

इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के मुलवासियों का भी अधिकार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधन से झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत एवं बूथ स्तर पर जाकर आमजनों को पूरी जानकारी देने तथा 7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की।

विधायक प्रतिनिधि मो. शेरे आलम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की नीतियों से आमजन को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों से जुड़े मुद्दों पर जेएमएम हमेशा जनता के साथ खड़ा रहा है। कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों की राय भी ली जाएगी और उन्हें आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। होने वाले जनसंपर्क अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का समन्वय किया जाएगा। पंचायत और बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर विधेयक के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

बैठक में झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड की बकाया राशि को लेकर भी सवाल उठाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य के आर्थिक हितों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। बैठक में इस मुद्दे को भी जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रमुखता से ग्रामीणों के बीच रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में हरेंद्र नाथ महतो, मिथिलेश तिवारी, नवीन जायसवाल, झब्बू लाल महतो, तनवीर आलम, मिहिर करमाली, मासूम राजा अली, बीरेंद्र करमाली, जीतेन्द्र पाहन समेत अन्य वक्ताओं ने भी बैठक को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक के विरोध में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को समर्थन देने की बात कही।

बैठक में बसंती देवी, संजू देवी, सागीर अंसारी, द्वारिका महतो, राजेश टुडू, दशरथ टुडू समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *