Advertisement

किरीबुरू के क्वार्टर में चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू थाना क्षेत्र के टाउनशिप स्थित डी टाइप क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का लैपटॉप, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार बीते माह 25 सितंबर को किरीबुरू टाउनशिप के डी टाइप क्वार्टर नंबर-33 रहिवासी राहुल कुमार यादव (41 वर्ष) ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके क्वार्टर का ताला तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और जेवरात की चोरी कर ली है। इस मामले में थाना कांड संख्या 15/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) राजकुमार जयराजू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान बीते 3 अक्टूबर को इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त अफताब खान उर्फ टेंगरू (19), रहिवासी मेन मार्केट किरीबुरू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस चोरी के सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में बीते 29 अक्टूबर को पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों नरेश लागुरी (28 वर्ष), रहिवासी मेघाहातुबुरू क्वार्टर नंबर 4/7, स्थायी पता सिलदौरी, चंद्रमोहन तांती उर्फ डोंडे (23 वर्ष) और लेबया लागुरी उर्फ कृष्णा (20), दोनों रहिवासी लेम्पाहेस्सा, थाना जेटेया को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप, वन प्लस 9-5G मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा JH05AG/1128 नंबर की एक कार भी जब्त की गई है। छापेमारी दल में किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, अनुसंधानकर्ता जितेंद्र कुमार, रंजीत कुमार मुंडा सहित किरीबुरू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *