रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला समाहरणालय सभागार में 30 अक्टूबर को आयोजित हम आपको सुनते हैं… लोक संवाद कार्यक्रम में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 23 मामलों की क्रमवार समीक्षा कर अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का उन्होंने निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार लोक संवाद में जिला के हद में कसमार प्रखंड के सिंहपुर रहिवासी लक्ष्मी देवी ने राशन कार्ड रद्द किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने जिला आपूर्ति कार्यालय को अब तक प्राप्त सभी ऐसी शिकायतों की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं, डीडीसी शताब्दी मजूमदार एवं अपर समाहर्ता को राशन कार्ड रद्द करने के कारणों की गहन समीक्षा करने को कहा।
डीसी ने स्पष्ट किया कि गलत तरीके से राशन कार्ड रद्द करने या इसकी अनुशंसा करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को सरकारी खाद्यान्न योजना से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन का निर्देश दिया। मौके पर डीडीसी, अपर समाहर्ता समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply