डीएम-एसएसपी ने सुनी छात्रों की समस्या, कैंटीन के लिए फूड कमेटी गठित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार ने 26 अगस्त को संयुक्त रूप से राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (इंजीनियरिंग कॉलेज) छपरा में दीप प्रज्वलित कर विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत/राष्ट्रगान के साथ किया गया। कॉलेज के प्राचार्य द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा स्वागत संबोधन में संस्थान की गतिविधियों एवं विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डीएम और एसएसपी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्या, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। अपने संबोधन में डीएम ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। छात्र अपनी शिकायतें पोर्टल पर अपलोड करने के साथ-साथ शिविर में भी रख सकते हैं। सभी शिकायतों की समीक्षा कर एक माह के अंदर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्थान स्तर के मामलों का निस्तारण कॉलेज प्रबंधन करेगा, जबकि जिला प्रशासन से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई होगी। उच्च स्तर के मामलों में भी जिला प्रशासन द्वारा पहल की जाएगी।
इस अवसर पर प्राचार्य ने बताया कि कैंटीन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चार सदस्यीय फूड कमेटी गठित की गई है, जिसमें फैकल्टी के साथ प्रत्येक ब्रांच के दो विद्यार्थी शामिल होंगे। यह कमेटी मेन्यू तय करेगी और पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करेगी।
संवाद के दौरान एक छात्रा ने कॉलेज में एनसीसी यूनिट स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित हो सके। जिलाधिकारी ने सुझाव को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रबंधन को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वे और जिलाधिकारी दोनों इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं, इसलिए छात्रों से स्वाभाविक जुड़ाव बनता है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी अधिक आत्मविश्वासी, जागरूक और ऊर्जा से भरपूर हैं। विद्यार्थी सहयोग शिविर से प्रशासन और छात्रों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका सुरभि द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया और बिहार गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने कॉलेज के स्टार्टअप सेल और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने नवाचार और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की सराहना की और लाइब्रेरी में नई पुस्तकों की उपलब्धता, स्वच्छता और छात्रों के लिए अध्ययन का अधिक समय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply