Advertisement

आरआईआईटी होसिर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आरआईआईटी संस्थान होसिर में 25 अगस्त को प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार आरआईआईटी कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर होसिर में कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। समारोह में गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके सभी सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा प्रत्येक क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का ज्ञान युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का निरंतर अभ्यास करने तथा बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया।

प्रमाण-पत्र प्राप्त करते हुए छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह एवं खुशी देखी गई। सफल प्रशिक्षणार्थियों ने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण से उन्हें तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने के साथ-साथ अपने भविष्य को बेहतर बनाने में भी काफी मदद मिलेगी। समारोह में आरआईआईटी संस्थान के निदेशक रवि आनंद, सहायक शिक्षक अमित नंदन, सहायक शिक्षक नरेश कुमार तथा कंप्यूटर असिस्टेंट सचिन प्रसाद सहित संस्थान के अन्य कर्मी एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

समारोह का मुख्य उद्देश्य कंप्यूटर शिक्षा के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने तथा प्रशिक्षण पूरा कर चुके छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *