Advertisement

सोनिया की किताब से भाजपा-आरएसएस के वैचारिक पाखंड की खुली पोल-नायक

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी की किताब से भाजपा एवं आरएसएस के वैचारिक पाखंड की पोल खुल गई है। बौखलाए भाजपाई झूठ और दुष्प्रचार की आड़ में बचाव करने को मजबूर हो गये है। आपातकाल की दुहाई देने वाली भाजपा पहले अपने गिरेबां में झांके। 12 वर्षों के शासन का हिसाब देने से क्यों भाग रही है?

उक्त बाते 12 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कही। नायक ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक बेलोगिंग: अ जर्नी ऑफ लव पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी को राजनीतिक बौखलाहट करार देते हुए कहा कि पुस्तक में आरएसएस की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति पर उठाए गए सवालों से भाजपा असहज है। यही कारण है कि तथ्यों और तर्कों से जवाब देने के बजाय भाजपा की पूरी प्रचार मशीनरी झूठ, दुष्प्रचार और चरित्र-हनन में जुट गई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता सी. आर. केशवन को सोनिया गांधी की किताब में इतिहास की गलतियां दिखाई देती हैं, लेकिन वर्ष 2002 के गुजरात दंगों, बाबरी मस्जिद विध्वंस और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठते सवालों पर भाजपा की चुप्पी क्यों रहती है? कहा कि आपातकाल का राग अलापने वाली भाजपा पहले अपने गिरेबां में झांके। इतिहास की ठेकेदारी और दोहरे चरित्र का ढोंग अब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि किसी प्रधानमंत्री, सरकार या संगठन की विचारधारा की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार है। भाजपा को पुस्तक से असहमति है तो तथ्यों और तर्कों से जवाब दे, लेखक पर हमला और दुष्प्रचार कर अपनी वैचारिक असहजता उजागर न करे।

नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को सोनिया गांधी की किताब पर शोर मचाने के बजाय अपने 12 वर्षों के शासन का हिसाब देना चाहिए। कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, युवाओं के रोजगार और महिला सुरक्षा जैसे सवालों पर भाजपा के पास जवाब क्यों नहीं है? जनता के सवालों से ध्यान भटकाने के लिए इतिहास और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना अब भाजपा की राजनीतिक मजबूरी बन गई है।

नायक ने कहा कि भारत किसी एक संगठन या विचारधारा की जागीर नहीं है। संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय देश की असली पहचान हैं। भाजपा व् आरएसएस याद रखे, सोनिया गांधी की किताब पर हमला करने से सच के सवाल खत्म नहीं होंगे। दूसरों के इतिहास पर उंगली उठाने से पहले अपने इतिहास और शासन का हिसाब दीजिए। कहा कि झूठ के शोर से जनता की आवाज नहीं दबाई जा सकती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *