Advertisement

सोनपुर में श्रम संहिता कार्यशाला में सुरक्षित कार्यस्थल व् श्रमिक हितों पर चर्चा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 30 अक्टूबर को नए श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला-सह-जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में रेलकर्मी सहित ठेकाकर्मी शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार सामुदायिक भवन सोनपुर में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य प्रिंसिपल एम्प्लॉयर्स, ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों को नए श्रम कानूनों के प्रावधानों और अनुपालन संबंधी दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।

सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप पासवान ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती भी मौजूद रहे। यह कार्यशाला उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), पटना कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।

कार्यशाला के दौरान संसद द्वारा अधिनियमित नई श्रम संहिताओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से पंजीकरण, लाइसेंसिंग, वैधानिक अनुपालन, अभिलेखों के संधारण, कानूनी दायित्वों, वेतन प्रावधानों, सामाजिक सुरक्षा, व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य तथा कार्यस्थल पर बेहतर कार्य परिस्थितियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी।

कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपरोक्त अधिकारियों ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सभी संबंधित पक्षों में श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निर्धारित प्रावधानों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है, ताकि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण और पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा दिया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *