Advertisement

सेल की गलत नीतियों के कारण मजदूरों में प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश-कुमार अमित

बीयूएमएस की मजदूरों के साथ बैठक बाद इडी (वर्क्स) से भेंट, समस्या समाधान की मांग

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारतीय उद्योग मजदूर संघ (बीयूएमएस) के महामंत्री कुमार अमित के नेतृत्व में बोकारो स्टील प्लांट के विभिन्न विभागों एवं शॉप में कर्मचारियों के साथ बैठक की गयी। बैठक के बाद कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अधिशासी निदेशक (संकार्य) से मुलाकात कर प्रबंधन को मजदूर समस्याओं से अवगत कराया गया।

आयोजित बैठकों की अध्यक्षता बीयूएमएस के अध्यक्ष अब्दुल रब अख्तर तथा संचालन वरीय उपाध्यक्ष रामावतार ने किया। बैठकों के दौरान बीएसएल एवं ठेका कर्मचारियों ने विभिन्न समस्याओं से संघ के पदाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में बीएसएल कर्मचारियों ने विगत 4 वर्षों से सेल प्रबंधन द्वारा 39 माह के एरियर का भुगतान न करने को लेकर प्रबंधन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की, वहीं ठेका कर्मचारियों ने ठेकेदारों द्वारा कट मनी वसूली और शोषण के प्रति अपना आक्रोश जताया। इस दौरान अनेक विभागों में बीयूएमएस की शाखा इकाइयों का भी गठन किया गया।

बैठक के उपरांत 23 अगस्त को बीयूएमएस का एक प्रतिनिधिमंडल बीएसएल के अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप दत्त से भेंट कर कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर ईडी संकार्य से संघ के महामंत्री कुमार अमित ने कर्मचारियों के 39 माह के लंबित एरियर भुगतान और ठेका कर्मचारियों से कट मनी वसूले जाने के कारण मजदूरों में व्याप्त आक्रोश से अवगत कराया तथा शीघ्र एरियर भुगतान एवं ठेका कर्मचारियों के शोषण पर रोक हेतु त्वरित कार्रवाई की मांग की।

मौके पर संघ के अध्यक्ष अब्दुल रब अख्तर ने बीएसएल कर्मचारियों के इंसेंटिव रिवार्ड की राशि बढ़ाने की मांग की, वहीं वरीय उपाध्यक्ष रामावतार और संयुक्त महामंत्री अशोक कुमार ने कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा हेतु प्रबंधन द्वारा स्थापित मानकों को और सुदृढ़ करने की बात कही। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट के मुख्य महाप्रबंधकों से भी मुलाकात कर उनसे संबंधित विभागों में मजदूरों की स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की।

बैठक में संघ के संयुक्त महामंत्री जन्मजय गोस्वामी, कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश, कार्यकारिणी सदस्य गोविन्द रविदास, पवन कुमार, आशीष कुमार, दिनेश कुमार, अजीत कुमार, धनराज चौधरी, राकेश कुमार, दिलीप सिंह, अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में बीएसएल एवं ठेका कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *