Advertisement

सुरही में डिजिटल स्टूडियो संचालक का संदिग्ध अवस्था में मिला शव

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह थाना क्षेत्र के सुरही गांव में 3 नवंबर को 25 वर्षीय युवक शुभम कुमार गुप्ता का शव उसके ही मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। वह अपने घर में अकेले रहता था और मकान में ही डिजिटल स्टूडियो संचालित करता था। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मृतक शुभम कुमार गुप्ता के पिता संजय गुप्ता और माता गुड़िया देवी अपने अन्य बच्चों के साथ मुंबई में रहते हैं। शुभम सुरही स्थित अपने मकान में अकेले रहकर डिजिटल स्टूडियो चलाता था। ग्रामीणों के मुताबिक, लगभग दो दिन पूर्व उसकी अपने माता-पिता से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद जब परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने पड़ोसियों से फोन कर बेटे का हालचाल जानने और उससे बातचीत कराने का आग्रह किया।

परिजनों के आग्रह पर पड़ोसी शुभम के घर पहुंचे। वहां सामने की ओर का दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे की ओर का दरवाजा खुला था। इसके बाद ग्रामीण घर के अंदर गए तो शुभम का शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया विश्वनाथ महतो मौके पर पहुंचे और नावाडीह पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर नावाडीह थाना प्रभारी अनिल लिंडा पुलिस बल सहित घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान बेरमो इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार भी मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार मुंबई से मृतक के माता-पिता के पहुंचने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं पुलिस घटनास्थल की जांच करने के क्रम में अनेक सामान जब्त कर मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *