Advertisement

आपसी समन्वय और सहयोग से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास-विधायक प्रतिनिधि

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने एवं आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को लेकर गोमिया विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने अपील की है। विधायक प्रतिनिधि ने बोकारो जिला के हद में कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड प्रमुख, सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों से आपसी मेल-मिलाप, समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद आवश्यक है। कहा कि जब सभी एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करेंगे, तभी क्षेत्र में विकास की नई दिशा और गति देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। क्षेत्र की जनता ने जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र के विकास की उम्मीद के साथ जिम्मेदारी सौंपी है।

वहीं, प्रशासनिक पदाधिकारी सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करते हैं। ऐसे में दोनों के बीच आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय होना जरूरी है। यदि किसी प्रकार का आपसी मनमुटाव या व्यक्तिगत मतभेद उत्पन्न होता है, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव विकास कार्यों पर पड़ता है। इससे न केवल विकास योजनाओं की गति धीमी होती है, बल्कि आमजन को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति, आपसी खींचतान या व्यक्तिगत विवाद को प्राथमिकता नहीं दी जानी चाहिए। क्षेत्र के रहिवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की दिशा में सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मतभेद को मनभेद में बदलना उचित नहीं है। यदि किसी विषय पर असहमति है, तो उसे आपसी बातचीत और सकारात्मक पहल के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए। सभी को एक-दूसरे के सम्मान का ध्यान रखते हुए जनहित में निर्णय लेना चाहिए। आपसी संवाद और सहयोग से बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है।

उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी संबंधित अधिकारियों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। आपसी तालमेल बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का प्रयास करें। जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान करने की दिशा में ठोस पहल करें, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों का सकारात्मक परिणाम दिखाई दे सके।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है, जब सभी जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी एक मंच पर आकर जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करें और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित करें। आपसी सहयोग, सद्भाव और समर्पण से क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है। अंत में उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से पुनः अपील करते हुए कहा कि आपसी मनमुटाव को समाप्त कर मिलजुल कर क्षेत्र के विकास की गति तेज करने का काम करें। जन अपेक्षाओं पर खरा उतरना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सकारात्मक सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *