एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विद्यार्थियों में बेहतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार एवं अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी ऋषि रंजन एवं सोहन बिश्वास ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित क्षेत्रीय विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 में सहभागिता कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने 27 अगस्त को बताया कि बीते वर्ष 11 एवं 12 नवंबर 2025 को सरला बिरला पब्लिक स्कूल रांची में आयोजित क्षेत्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में देश के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा एवं नवाचार का प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित मंच पर डीएवी कथारा के उपरोक्त दोनों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उनकी सहभागिता के सम्मानस्वरूप केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
यह प्रमाण-पत्र विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि, परिश्रम और सीखने की ललक का प्रमाण है। विद्यालय परिवार के लिए यह विशेष रूप से गौरव का विषय है कि उसके विद्यार्थियों ने सीबीएसई के क्षेत्रीय स्तर के विज्ञान मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर डीएवी कथारा के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने उपरोक्त दोनों विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि विज्ञान विद्यार्थियों को केवल तथ्यों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनमें प्रश्न पूछने, तर्क करने, प्रयोग करने और समस्याओं के नए समाधान खोजने की क्षमता विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि सीबीएसई की क्षेत्रीय विज्ञान प्रदर्शनी जैसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऋषि रंजन एवं सोहन बिश्वास की सहभागिता विद्यालय के लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी वैज्ञानिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज की जिज्ञासु और प्रयोगधर्मी प्रतिभाएँ ही कल के वैज्ञानिक एवं नवप्रवर्तक बनेंगी। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें निरंतर सीखते रहने और नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का संदेश दिया।
छात्रों की इस उपलब्धि की तैयारी में विद्यालय के वरिष्ठ विज्ञान शिक्षक पंकज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ शिक्षक नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा ,जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, आदिब अहमद, पुष्पांजलि राव, शैबाल मुखर्जी, राहुल बनर्जी, सुमन कुमारी, बबली कुमारी, आशा कुमारी सहित सभी विज्ञान शिक्षकों का भी विद्यार्थियों की तैयारी एवं उन्हें प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक मार्गदर्शन एवं सहयोग ने विद्यार्थियों को इस प्रतिष्ठित मंच पर आत्मविश्वास के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।,
विद्यालय प्रबंधन ने उपरोक्त दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, तार्किक क्षमता एवं नवाचार की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा गया कि डीएवी कथारा भविष्य में भी विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अन्य शैक्षणिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर बेहतर अवसर प्रदान करता रहेगा।
![]()













Leave a Reply