Advertisement

सहयोगिनी द्वारा बहादुरपुर में किशोरी लीडर्स प्रशिक्षण का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सहयोगिनी संस्था द्वारा बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बहादुरपुर में 27 अगस्त को किशोरी लीडर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आयोजित कार्यक्रम में कसमार प्रखंड के गांवों में किशोरियों के समग्र विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए आगामी एक्शन प्लान तैयार किया गया। ​संस्था की सचिव कल्याणी सागर ने बताया कि सहयोगिनी द्वारा विगत 5 वर्षों से कसमार प्रखंड के 30 गांवों में किशोरियों के नेतृत्व विकास को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है। इन गांवों में गठित किशोरी क्लबों की महीने में दो बार बैठक आयोजित की जाती है, जिनमें मुख्य रूप से क्षमता व कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण और लाइफ स्किल्स (जीवन कौशल) का प्रशिक्षण, ​अधिकार व कानून प्रशिक्षण, पॉक्सो कानून और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान सरकारी योजनाओं से जुड़ाव तथा स्वास्थ्य व पोषण संबंधी जागरूकता का भी कार्य किया जाता है। ​कार्यक्रम के दौरान संस्था की समन्वयक कुमारी किरण ने कहा कि खेल-खेल के माध्यम से किशोरियों में नेतृत्व क्षमता विकसित की जा रही है, जिसका सीधा असर क्षेत्र में बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा में कमी के रूप में दिख रहा है। ​प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंजू देवी, स्वाति कुमारी, पायल कुमारी, अंजली कुमारी, संजना कुमारी, नीतू मुर्मू, लखी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रोशनी कुमारी सहित कई किशोरी लीडर्स उपस्थित थीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *