एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में 9 सितंबर को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) कथारा क्षेत्र द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत विद्यालय के प्रार्थना सभा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार यह सतर्कता जागरूकता अभियान 9 सितंबर से आगामी 16 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों, पारदर्शिता, ईमानदारी तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सतर्कता संबंधी शपथ दिलाई। उपस्थित शिक्षकों तथा छात्रों ने अपने कार्यों में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा किसी भी प्रकार के भ्रष्ट आचरण से दूर रहने का संकल्प लिया।
शपथ के पश्चात ए. आर. ओ. डॉ खान ने अपने संबोधन में जागरूकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सतर्कता का अर्थ केवल भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाना ही नहीं, बल्कि अपने प्रत्येक कार्य में ईमानदारी, जिम्मेदारी और पारदर्शिता को अपनाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि एक स्वस्थ एवं विकसित समाज की आधारशिला नैतिक मूल्यों पर टिकी होती है।
कहा कि जब इंसान अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहता है, तभी व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास कायम होता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी एक या समूह की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के विकास को प्रभावित करता है। इसलिए इसके विरुद्ध जागरूकता की शुरुआत हमें स्वयं से होनी चाहिए।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं।
यदि वे अभी से सत्यनिष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता और कर्तव्यपरायणता जैसे मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बना लें, तो वे न केवल अपने व्यक्तित्व को मजबूत करेंगे, बल्कि एक बेहतर समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कहा कि ईमानदारी का पालन केवल किसी अभियान के दौरान नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक परिस्थिति में किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्र पाठक, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, रंजीता पांडेय, ओशीन, संगीत कुमार, खुशबू कुमारी, विकास सिंह, जयप्रकाश गिरि, ममता पात्रा, पुष्पांजलि राव सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सतर्कता जागरूकता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई केवल प्रशासन या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक देशवासी का दायित्व है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को और सुदृढ़ किया।
![]()













Leave a Reply