अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पवित्र सावन मास के अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर प्रांगण में 28 अगस्त को श्रावणी पूर्णिमा पर आयोजित होनेवाले श्रावण शिवमय आनंद उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।
हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति द्वारा 27 अगस्त को बताया गया कि अनुमंडल प्रशासन सोनपुर की अनुमति और स्थानीय आयोजन समिति के तत्वावधान में उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर है। कार्यक्रम के लिए मंच, प्रकाश, ध्वनि व्यवस्था और श्रद्धालुओं के बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और विद्युत सज्जा का कार्य अंतिम चरण में है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास की अलग व्यवस्था की गई है।
कहा गया कि यह विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम 28 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। उत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ दूरदर्शन के जाने-माने भजन गायक शिरकत करेंगे। सुमधुर शिव भजनों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुशल नृत्य मंडली द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला भव्य शिव तांडव नृत्य होगा।
न्यास समिति के अनुसार सावन में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सोनपुर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रशासन के सहयोग से विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल और महिला लाठीधारी बलों की तैनाती की जा रही है। साथ हीं सीसीटीवी और नियंत्रण कक्ष से भी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
![]()













Leave a Reply