Advertisement

शंकर हत्याकांड में दो साल से फरार नागेश्वर गिरफ्तार, बीजीएच से पुलिस ने दबोचा

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के बहुचर्चित शंकर रवानी हत्याकांड में लगभग दो वर्ष से फरार चल रहे नामजद आरोपित नागेश्वर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हरला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) परिसर से पकड़ा।

बताया जाता है कि आरोपित इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने 3 नवंबर को प्रेस वार्ता में बताया कि हरला थाना कांड क्रमांक-78/24 में नागेश्वर सिंह (पिता लक्ष्मण सिंह), रहिवासी चेताटांड़, महुआटांड़ को नामजद आरोपित बनाया गया था। उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के अनुसंधान के दौरान उसकी भूमिका घटना से पहले रेकी करने और साजिश में सक्रिय रूप से शामिल रहने के रूप में सामने आई है। उसके खिलाफ पूर्व से दो आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

डीएसपी ने बताया कि हत्याकांड के अनुसंधान और गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयानों के आधार पर अब तक कुल 22 संदिग्ध के नाम सामने आए हैं। इनमें से 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस उनके खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड का मुख्य शूटर सिपु कुमार, रहिवासी मोकामा (बिहार) अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

वहीं, जमानत पर बाहर चल रहे आरोपित राजू दुबे की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) लगाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। कहा कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी नागेश्वर से पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उक्त मामले को लेकर हरला थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *