रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीना ने 28 अक्टूबर को कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील परिस्थितियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर डीसी एवं एसपी ने जिला के हद में चास और बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कहीं भी अशांति या विधि-व्यवस्था में व्यवधान की आशंका हो, तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संभावित तनाव की स्थिति में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करें। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
डीसी एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि चास और बेरमो अनुमंडल क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था संधारण की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ की होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply