सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड की राजधानी रांची के डीएवी हेहल में बीते दिनों आयोजित वाग्मी प्रतियोगिता में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 5 नवंबर को विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष सभा में सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार प्राप्त किए। इस क्रम में विद्यालय के दशम कक्षा के दीक्षांत तिवारी ने अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्यारहवीं कक्षा की सांगेन कुमारी ने अंग्रेजी कथा-वाचन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दशम कक्षा की श्रुति मिश्रा ने हिंदी आशुभाषण प्रतियोगिता में तृतीय तथा ग्यारहवीं कक्षा की रीतू कुमारी ने हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रसनजीत कुमार, शमित दास, अंकुर राज, रक्षिता सिन्हा एवं लावण्या गुप्ता की टीम ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। छात्रों की इस उपलब्धि पर डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड जोन-जे के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी (एआरओ) सह एसआर डीएवी पुंदाग के प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने सम्मान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वैसे विद्यार्थी ही अपने लक्ष्य तक आसानी से पहुंच सकते हैं जो शैक्षणिक गतिविधियों के साथ – साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, तभी उनका सर्वांगीण विकास भी संभव है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं तार्किक चिंतन को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ सभा समाप्त किया गया।
![]()













Leave a Reply