Advertisement

मुख्यमंत्री ने किया मांझी में सवा आठ करोड़ से बने अटल घाट का उद्घाटन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में मांझी स्थित ऐतिहासिक रामघाट पर 12 नवंबर को विकास का नया अध्याय जुड़ गया। नमामि गंगे परियोजना के तहत करीब सवा आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल घाट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को रामघाट पर सरकारी स्तर पर अटल जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौधरी ने अटल घाट का विस्तार जय प्रभा सेतु तक करने तथा मांझी से डुमाइगढ़ घाट तक मरीन ड्राइव बनाने की घोषणा की। इसके अलावा रामघाट पर एसडीआरएफ की टीम की स्थायी तैनाती और कृषि योग्य भूमि से जल निकासी की व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। उनकी घोषणाओं का उपस्थित हजारों की भीड़ ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल घाट केवल एक घाट नहीं, बल्कि मांझी की आस्था, संस्कृति और विकास का प्रतीक बनेगा। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि घाट के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

इससे पहले महाराज गंज के सांसद व पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विधायक रणधीर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें रखीं। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत से की गयी, जबकि समापन बिहार गीत से किया गया। पूरे रामघाट परिसर को फूलों और भगवा रंग के पंडाल से सजाया गया था। मुख्यमंत्री के आगमन पर एनडीए नेताओं ने फूल-माला, अंगवस्त्र एवं गुलदस्ते देकर उनका स्वागत किया।

मंच पर उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री नितीश मिश्रा, विधायक मनोरंजन सिंह, केदारनाथ सिंह, छोटी कुमारी, जनक सिंह, विधान पार्षद डॉ वीरेंद्र नारायण यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *