Advertisement

महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

अग्रसेन जयंती पखवाड़ा के विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले सम्मानित

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला के हद में मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के तत्वावधान में आयोजित महाराजा श्रीअग्रसेन जयंती पखवाड़ा के समापन अवसर पर 28 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों, घोड़ों, सुसज्जित बग्गियों, डीजे और महाराजा श्रीअग्रसेन के भव्य दरबार ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों की मनोहारी झलक देखने को मिली।

शोभायात्रा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से प्रस्तुत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकियों के माध्यम से धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। मार्ग में उपस्थित रहिवासियों ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजित झांकियों की प्रतियोगिता में बालिका विद्या मंदिर ने छठ पर्व की थीम पर आधारित झांकी प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मारवाड़ी विद्यालय की मां लक्ष्मी के भव्य दरबार पर आधारित झांकी द्वितीय स्थान पर रही, जबकि अग्रसेन भवन की नवदुर्गा थीम पर आधारित झांकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा महिला इंटर महाविद्यालय की महा रासलीला पर आधारित झांकी ने दर्शकों को आकर्षित किया। महिला समिति की ओर से प्रस्तुत महाराजा अग्रसेन एवं उनके 18 पुत्रों पर आधारित झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर आयोजित बैंड प्रतियोगिता में मारवाड़ी विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका विद्या मंदिर उपविजेता रहा। वहीं, श्रेष्ठ व्यवस्था एवं अनुशासन सम्मान महिला इंटर महाविद्यालय को प्रदान किया गया। विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया।

आयोजित शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रीश्याम मंदिर प्रबंधन समिति, श्रीसत्यनारायण मंदिर, रानी सती मंदिर एवं मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा की ओर से मार्ग में शीतल पेय की व्यवस्था की गई थी। इस सेवा कार्य के माध्यम से आयोजकों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं आम रहिवासियों को राहत प्रदान की। व्यवस्था में रघुवीर गोयल, अजय अग्रवाल, मंत्री गोपी किशन, संजय झुंझुनवाला, आलोक अग्रवाल, सत्यनारायण भोजगड़िया सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।

मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के अध्यक्ष सुनील सांवड़िया, पखवाड़ा संयोजक डॉ मनीष शर्मा, सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश देवड़ालिया, ओ.पी. अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, अग्रवाल धर्मशाला के अध्यक्ष जगदीश तुलस्यान, रानी सती मंदिर के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद गोयनका, सीताराम सांवड़िया, धर्म प्रकाश खैतान, असीम अग्रवाल, सीए दीपक अग्रवाल, अनंत भरतिया, प्रभाष अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, विशाल पलसानिया, बिरेन्द्र अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, अविनाश अग्रवाल, उत्सव अग्रवाल, चंदन पटवारी, दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल, सीए श्याम शाह, राहुल अग्रवाल, पंकज जलुका, जया अग्रवाल, शीला चोखानी, किरण शर्मा सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

आयोजित भव्य शोभायात्रा और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महाराजा अग्रसेन जयंती पखवाड़ा का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। आयोजन ने झरिया क्षेत्र में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *