Advertisement

मस्जिद-ए-गौसिया ने निकाला ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस, जगह-जगह स्वागत

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को बोकारो जिला में विभिन्न जगहों पर जुलूस व् कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला के हद में बेरमो प्रखंड के कुरपनिया में मुस्लिम समाज की ओर से हर्षोल्लास के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।

उक्त जानकारी देते हुए क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता अफजल अनीस ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के पाक मौके पर कुरपनिया स्थित मस्जिद-ए-गौसिया पानी टंकी एरिया की ओर से निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और समाज के प्रबुद्ध जन शामिल हुए। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह रहिवासियों ने पानी, शरबत और तबर्रुक का इंतजाम कर जुलूस का स्वागत किया।

बताया जाता है कि यहां जुलूस में सबसे आगे मौलाना मोहम्मद कमर रजा मिशबाही और मौलाना जफर सिद्दीकी नातिया कलाम पेश करते हुए चल रहे थे। उनके पीछे बच्चे परचम थामे चल रहे थे। बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में इस्लामिक झंडे लेकर लब्बैक या रसूलल्लाह और सरकार की आमद मरहबा के नारे बुलंद किए। मदरसों के बच्चों ने भी लगातार नातिया कलाम पेश कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।

जुलूस का नेतृत्व एवं आयोजन मस्जिद कमेटी के सदर मोहम्मद खुर्शीद अख्तर और सेक्रेटरी मोहम्मद कलीम अंसारी व हैदर अली की देखरेख में किया गया। इसमें मोहम्मद जुबैर, मुबारक अंसारी, फिरोज, नन्हू बरकाती, आलम बरकाती, मजनू और इजहार मिस्त्री सहित बड़ी संख्या में इस्लाम को माननेवाले शामिल थे। ईद मिलादुन्नबी का जुलूस कुरपनिया टंकी एरिया, रायसाहब फाइल होते कुरपनिया मोड़ और मिल्लत क्लब इलाके में पहुंचा। यहां सामाजिक कार्यकर्ता अफजल अनीस, मोहम्मद बिलाल अनीस, मोहम्मद जाकिर, पप्पू खान और फरजू शेख ने जुलूस में शामिल अमन पसंद जनों का स्वागत किया।

मोहम्मद बिलाल अनीस की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जुलूस में शामिल सभी के लिए शरबत, पानी और सेव-बूंदिया का इंतजाम किया गया था। इस दौरान राजकुमार साव, जगदीश मुखर्जी और मनोज पासवान ने भी आगे बढ़कर शरबत और पानी पिलाने में सहयोग किया। नसीम शेख, मोहम्मद अजीज, मो. वाहिद अंसारी, मोहम्मद जमील अंसारी, नूराइन जमाली, शामी अनीस और मसलेउद्दीन ने भी व्यवस्था में सहयोग किया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अफजल अनीस ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का जुलूस मोहब्बत, भाईचारे और अमन का पैगाम देता है। जुलूस का शहर के विभिन्न तबकों द्वारा स्वागत किया जाना आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है। उन्होंने कहा कि कुरपनिया की यही साझा संस्कृति समाज को जोड़ने का काम करती है।

एक अन्य जानकारी के अनुसार ईद मिलादुन्नबी का जुलूस गोमिया प्रखंड के हद में असनापानी व् कथारा स्टाफ कॉलोनी स्थित मस्जिद से निकलकर कथारा मोड़, क्षेत्रीय अस्पताल मार्ग से कथारा तीन नंबर तक गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अमन पसंद इस्लाम को माननेवाले शामिल थे। जुलूस पुनः कार्यक्रम स्थल जीएम ग्राउंड कथारा पहुंचकर अन्य जगहों से पहुंचे जुलूस में शामिल हो गया। जीएम ग्राउंड में आयोजित मजलिस में नावाडीह प्रखंड के हद में नारायणपुर, काछो, पेटरवार प्रखंड के खेतको, चलकरी, गोमिया प्रखंड के झिरकी, असनापानी, बेरमो प्रखंड के बोरवा बेड़ा, जारंगडीह, बोकारो थर्मल, कथारा आदि के रहिवासी शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *